उधमपुर। शहर के साथ लगते मेलडी व झाड़ गांव के ग्रामीणों ने सोमवार रात को बिजली बंद होने पर पावर स्टेशन का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शुरू होने के करीब आधे घंटे के बाद बिजली सेवा बहाल हो पाई। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी बिजली बंद कर बिजली कर्मी औद्योगिक क्षेत्र बट्टलवालियां में सप्लाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब दस बजे मेलडी व झाड़ गांव में रात करीब दस बजे बिजली बंद हो गई। बिजली बंद होने के बाद ग्रामीण गांव में बनाए गए पावर स्टेशन पर पहुंचे और कर्मचारियों का घेराव कर प्रदर्शन कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि औद्योगिक क्षेत्र को बिजली देने के लिए उनके गांव में बिजली विभाग के कर्मचारी ज्यादा कटौती करते हैं। जब भी औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की मांग बढ़ती है तो उनकी बिजली को बंद कर दिया जाता है और कई बार तो पूरी रात ही बिजली को बंद करके रखा जाता है। आखिर में मजबूरन प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों का प्रदर्शन बढ़ता देख कर्मचारियों ने बिजली सेवा बहाल कर दी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।