उधमपुर। श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों की बेटी की शादी के लिए मिलने वाली 25 हजार की राशि बंद किए जाने के विरोध में मजदूरों ने बुधवार को एमएच चौक स्थित विश्वकर्मा मंदिर के बाहर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों का कहना था कि सरकार एक-एक कर सरकारी सुविधाओं को वापस लेकर परेशानी बढ़ा रही है। अगर सरकार ने अपना निर्णय नहीं बदला, तो मजबूरन प्रदर्शन तेज करना पड़ेगा।
दोपहर करीब 12 बजे मजदूर दस्तकार यूनियन के जिला अध्यक्ष दर्शन कुमार के नेतृत्व में जिले के विभिन्न हिस्सों से मजदूर विश्वकर्मा मंदिर के बाहर पहुंचे, जहां सभी ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान दर्शन कुमार ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से सरकार की तरफ से पंजीकृत मजदूरों को बेटियों की शादी के लिए सरकार 25 हजार की राशि प्रदान कर रही थी। इससे गरीब मजदूरों को काफी लाभ मिल रहा था, लेकिन अब राज्य सरकार इस सुविधा को बंद करने लगी है। सरकार के इस गलत निर्णय के कारण राज्य के तीन लाख से ज्यादा मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। गरीब मजदूर के लिए 25 हजार की राशि काफी बड़ी होती है और शादी में इससे काफी राहत मिलती है, लेकिन सरकार गलत निर्णय लेकर परेशानी बढ़ा रही है। किसी कीमत पर सरकार को मनमानि नहीं करने देंगे। इसके अलावा वृद्ध मजदूरों को आज तक पेंशन की सुविधा प्रदान नहीं दी जा रही है, जबकि इस मांग को कई बार सरकार के सामने रख चुके हैं। कई वर्षों से सरकार से मजदूरों के लिए मजदूर सराय बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक यह मांग पूरी नहीं हो पाई है। मजदूरों को बीपीएल राशन कार्ड की भी सुविधा नहीं मिल रही है। उनकी सरकार से मांग है कि मजदूरों के लिए जितनी भी योजनाएं लांच की हैं, उनको जल्द से जल्द लागू करे।