जम्मू। जम्मू डेवलपमेंट अथारिटी तवी रिवर फ्रंट के पहले चरण के काम को दो फेज में करवाएगी। कार्य तवी चौथे पुल से लेकर भगवती नगर में करवाया जाना है। दूसरे फेस में 171 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। कुल 400 करोड़ रुपये निर्माण कार्य पर खर्च किया जाना है। दो फेजों में कार्य करवाने का मकसद काम को तेजी से करवाना है। बजट स्वीकृत होने के बाद तवी रिवर फ्रंट पर एक साथ अलग-अलग हिस्सों में काम शुरू होगा। इसमें तवी नदी किनारे प्रोटेक्शन दीवार के अलावा नदी के बीच सुंदर झील निर्माण कार्य भी शामिल है।
जेडीए के अनुसार अहमदाबाद की साबरमती नदी की तर्ज पर जम्मू तवी रिवर फ्रंट बनाया जाना है। पहले चरण में साढ़े तीन किलोमीटर इलाके में काम शुरू होना है। दस फुट पैदल रास्ता, सुंदर पार्क, नदी किनारे शापिंग माल, होटल और रेस्टोरेंट का निर्माण होना है। इन तमाम प्रोजेक्ट पर काम एक साथ शुरू होगा। जम्मू तवी रिवर फ्रंट बनाने के लिए जून से काम शुरू होगा। फिलहाल प्रोजेक्ट की डीपीआर को पर्यावरण मंत्रालय और इंस्टीट्यूट आफ हाइड्रोलाजी ेरुड़की को अंतिम रूप देने के लिए भेजा है। फरवरी से अप्रैल तक ग्लोबल टेंडरिंग होगी। जून माह से तवी रिवर फ्रंट पर काम शुरू होगा। जम्मू डेवलपमेंट अथारिटी के वाइस चेयरमैन आरके शवन ने कहा कि तवी रिवर फ्रंट के पहले चरण के काम को तेजी से निपटाया जाएगा। काम को दो फेज में करवाया जाएगा। अलग-अलग फेजों में काम को लेकर प्लान तैयार कर लिया है। जून माह से काम शुरू होने की संभावना है।