प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित पांच शासकीय मेडिकल कालेजों के लिए बुनियादी ढांचा कायम करने को 150 करोड़ रुपये का फंड जारी कर दिया गया है।
प्रस्तावित कालेजों के निर्माण के लिए मौजूदा पांचों अस्पतालों को आधुनिक बनाए जाने पर भी जोर देने के लिए कहा गया है। पांचों मेडिकल कालेजों के नोडल अफसरों की उच्चस्तरीय बैठक में मेडिकल एजूकेशन मंत्री ताज मोहिउद्दीन ने ये हिदायतें दीं।
ताज मोहिउद्दीन ने नोडल अफसरों को कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर मेडिकल कालेजों के भवन निर्माण संबंधी प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए।
ताकि समय रहते एमसीआई को सौंपा जाए
ताज मोहिउद्दीन ने कहा कि मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया के नियमों के मुताबिक सभी औपचारिकताओं को पूरा किया जाए।
खास तौर पर भवन निर्माण के लिए जमीन मुहैया कराने संबंधी कागजात बनाए जाएं, ताकि इनको समय रहते एमसीआई को सौंपा जाए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए पांचों प्रस्तावित मेडिकल कालेजों से जुड़ने वाले मौजूदा अस्पतालों को माडर्न करने के लिए तीस-तीस करोड़ रुपये का फंड जारी कर दिया गया है।
जल्द औपचारिकताएं पूरी करने का आदेश्ा
ताज मोहिउद्दीन ने निदेशक स्वास्थ्य विभाग जम्मू और निदेशक कश्मीर को कालेज भवनों के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी मसलों को समन्वय के साथ हल करने को कहा।
बैठक में स्वास्थ्य एवं मेडिकल एजूकेशन विभाग के आयुक्त सचिव गजनफर हुसैन, जीएमसी जम्मू और श्रीनगर के प्रिंसिपल, एनआरएचएम के मिशन निदेशक के अलावा पांचों प्रस्तावित कालेजों के नोडल अफसर मौजूद थे।