रियासत में दो दिसंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में कुल 15,35,087 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। पांच जिलों के 18 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले मतदान में 8,12,809 पुरुष और 7,22,269 महिला मतदाता हैं।
दो सीटों कुपवाड़ा और कुलगाम में नौ थर्ड जेंडर यानी किन्नर मतदाता भी शामिल हैं। इनमें से तीन जम्मू संभाग और दो कश्मीर संभाग के जिले हैं। रियासी के गुलाबगढ़, रियासी और गुल अरनास सीटों के लिए इस चुनाव में 2,37,746 मतदाता 403 पोलिंग स्टेशनों पर वोट डालेंगे।
इन सीटों से कोई किन्नर मतदाता नहीं है। उधमपुर जिले की चिनैनी, रामनगर और उधमपुर सीट के लिए कुल 2,99,796 मतदाता हैं, जो कुल 455 पोलिंग स्टेशनों पर मत डालेंगे। पुंछ जिले के सूरनकोट, मेंढर और पुंछ हवेली सीट के लिए 2,65,849 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
इनके लिए 389 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन दोनों सीटों से भी कोई थर्ड जेंडर मतदाता नहीं है। कुपवाड़ा जिले की कुल पांच सीटों, करनाह, कुपवाड़ा, लोलाब, हंदवाड़ा और लंगेट सीटों के लिए होने वाले मतदान में कुल 3,99,776 मतदाता वोट डालेंगे।
इनके लिए 535 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। इस सीट से चार किन्नर मतदाता भी हैं। कुलगाम जिले की चार सीटों, नूराबाद, कुलगाम, होम शाली बुघ और देवसार सीट के लिए 3,31,920 मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसके लिए 399 पोलिंग बूथों की स्थापना की गई है। यहां से सर्वाधिक पांच किन्नर मतदाता हैं।