सुहावने मौसम के बीच श्री अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। यात्रा के चौथे दिन कुल 13,936 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन किए। अब तक कुल 44,673 श्रद्धालु भव्य बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। पारंपरिक पहलगाम और बालटाल रूट से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है।
उधर, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ ने आन स्पाट पंजीकरण के लिए उमड़ी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सात जुलाई की यात्रा के लिए 4100 और आठ जुलाई के लिए 4550 स्लाट और जारी किए हैं। सीईओ के अनुसार उनकी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालुओं को समायोजित किया जा सके।
आन स्पाट पंजीकरण के स्लाट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर विभिन्न काउंटरों पर उपलब्ध होंगे। उन्होंने यात्रियों को अपील की है कि किसी भी समस्या से बचने के लिए वह पंजीकरण की निर्धारित तिथि पर ही यात्रा के लिए पहुंचे। आन स्पाट पंजीकरण के लिए जम्मू के केंद्रों पर यात्रियों की भारी भीड़ पहुंच रही है।