जम्मू। विक्रम चौक के आगे मंदिर मस्जिद प्वाइंट के पास रविवार को एक मिनी बस पलट गई। इस हादसे में उसमें सवार दस यात्री घायल हो गए। हादसा के बाद मिनी बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मिनी बस बठिंडी से अंबफला की तरफ काफी तेज गति से जा रही थी। बिक्रम चौक के पास पहुंचने पर चालक से मिनी बस बेकाबू हो गई और वह सड़क पर ही पलट गई। मौके पर अफरातफरी मच गई। इससे पहले की लोगों का गुस्सा फूटता, चालक मौका पाकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को बाहर निकाला। इनमें से दस यात्रियों को चोट आई, जिनमें सोपोर का अब्दुल हमीद, विक्रम चौक की नीलम कुमारी और उनकी बेटी पूजा, नगरोटा की रहने वाली रेखा भट्ट, तालाब तिल्लो की पद्मा, जगती की बबीता भट्ट, उधमपुर की कौशल्या देवी, बड़गाम का मोहम्मद इमरान, कासिम नगर की तनू और श्रीनगर का मेहराजुद्दीन शामिल हैं। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में पांच को गंभीर चोट लगी। बीच सड़क पर मिनी बस के पलटने से विक्रम चौक पुल पर कई घंटों तक जाम लगा रहा। हालांकि हादसे के करीब एक घंटे के बाद ही मिनी बस को सड़क से हटा दिया गया था।