पुंछ/मेंढर। शनिवार रात मेंढर कसबे के युवाओं ने कैंडल मार्च निकाल कर जम्मू के भटिंडी स्थित पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला के आवास पर मारे गए क्षेत्र के युवक मुरफाद के लिए इंसाफ और मामले में हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। लोगों ने इस बात पर रोष प्रकट किया कि युवक की मौत के इतने दिन बीत जाने के बाद भी किसी दोषी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया।
जानकारी के मुताबिक रात आठ बजे निकाले गए कैंडल मार्च में बस अड्डे के बाहर बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा एवं मुरफाद के रिश्तेदार एकत्र हुए थे। यहां से उन्होंने युवा नेता दिलशाद जट्ट की अगुवाई में कैंडल मार्च निकाला, जो विभिन्न क्षेत्रों से होता हुआ पुन: बस अड्डे पर पहुंचा। जुलूस में शामिल युवक मुरफाद को इंसाफ दो, मुरफाद के कातिलों को सजा दो जैसे नारे लगा रहे थे। इस अवसर दिलशाद जट्ट, कमर अली काजमी और रिदम गुप्ता ने कहा कि वे कैंडल मार्च के माध्यम से राज्यपाल और पुलिस अधिकारियों से भटिंडी में फारूक अब्दुल्ला के निवास पर मारे गए मुरफाद के लिए इंसाफ मांगने के लिए सड़क पर उतरें हैं। उन्होंने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्दी ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न की गई तो जिले में हर घर से बच्चा-बच्चा सड़कों उतरेगा। जुलूस में राजा रईस खान, ताहिर काज्मी, सरताज खान आदि शामिल रहे।