पिछले सात दिन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद रहने के कारण दोनों तरफ से फंसे सैकड़ों यात्रियों को मंगलवार को राहत मिली।
जम्मू और श्रीनगर मेें फंसे 1350 यात्रियों को उधमपुर और श्रीनगर स्थित भारतीय वायु सेना के स्टेशनों से विशेष उड़ानों से एयरलिफ्ट कर उनको उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
इस बीच दोपहर दो बजे रामबन सेक्टर के रामसू क्षेत्र में हाईवे को क्लीयर करके रास्ते में फंसे छोटे वाहनों को निकाला गया, लेकिन शाम 7.30 बजे मिहार के पास फिर से भूस्खलन के कारण हाईवे को बंद करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
जम्मू बस स्टैंड में फंसे 830 यात्रियों को एसआरटीसी के वाहनों से मंगलवार सुबह उधमपुर स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन पर पहुंचाया गया। जहां से आईएल-76 की दो उड़ानों से 530 यात्रियों को घाटी भेजा गया। अन्य यात्रियों के लिए अतिरिक्त उड़ानें भेजी जा सकती हैं।