जम्मू। रियासत के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार 29 से 30 मार्च को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, लेकिन आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा। मौसम खराब होने की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन की मार पड़ सकती है। इस बीच मौसम साफ रहने से राज्य के अधिकांश हिस्सों में पारा सामान्य से ऊपर चला गया है।
जम्मू में बुधवार दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ तपिश ने असर दिखाया। दोपहर को तीखी धूप में गर्मी का भरपूर अहसास हुआ। जम्मू में दिन का पारा 28.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है जो इस सीजन का अब तक का गर्म दिन था। यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भी पारे में उछाल आया है। यहां दिन का तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री चढ़कर 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री ऊपर चल रहा है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से 3.5 डिग्री चढ़कर 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि कश्मीर के न्यूनतम तापमान में थोड़ी राहत बनी हुई है।
-------
स्थान न्यूनतम तापमान
कारगिल माइनस 6.4
लेह माइनस 4.5
गुलमर्ग माइनस 2.3
पहलगाम माइनस 0.8
श्रीनगर 3.5