पुंछ/मेंढर। शनिवार को मेंढर सब डिवीजन में 24 अगस्त को एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उसकी बरामदगी नहीं होने से गुस्साए लोगों ने करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रखा। बाद में पुलिस ने बच्ची को बरामद कर परिजनों को सौंपा, तब जाकर प्रदर्शन बंद हुआ।
जानकारी के अनुसार मेंढर सब डिवीजन की मनकोट तहसील के गांव कालाबन से 24 अगस्त को एक नाबालिग लड़की का अपहरण हुआ था। 25 अगस्त को उसके परिजनों ने मेंढर थाने में मोहम्मद अमजद पुत्र मोहम्मद लतीफ निवासी गांव उछाद तहसील मनकोट पर उनकी बेटी को अगुवा करने की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर 144/2018 दर्ज कर ली थी। इस पर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को लड़की सहित आरोपी को हरियाणा के अंबाला से बरामद कर देर रात मेंढर थाने लाया। इसकी जानकारी मिलने पर सुबह लड़की के परिजन उसे वापस अपने पास लेने के लिए पहुंचे, लेकिन पुलिस ने कानूनी कार्रवाई जारी होने की बात करते हुए उन्हें लड़की सौंपने से मना कर दिया। इससे गुस्साए लड़की के परिजनों ने सुबह नौ बजे मेंढर-जम्मू, मेंढर पुंछ मार्ग पर टायर जला कर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो दोपहर 12 बजे तक जारी रहा। देर शाम को दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझाने के बाद लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।