घाटी में सबसे बुरे दौर में हुए इम्तेहान में हुई बारहवीं की परीक्षा के नतीजे अच्छे आए हैं। कश्मीर संभाग के 12वीं के वार्षिक बोर्ड परीक्षा परिणाम में अलगाववादियाें को मुंहतोड़ जवाब देते हुए 75.47 फीसदी बच्चे पास होकर स्कूली शिक्षा पूरी करने में कामयाब रहे। यह सरकार व शिक्षा विभाग की बड़ी कामयाबी है, क्योंकि इस बार बोर्ड ने घाटी में खराब हालात के बीच सफल तरीके से परीक्षाएं करवाई थीं।
खास बात है कि लड़कियों ने लड़कों से अच्छा प्रदर्शन किया है। शिक्षा मंत्री ने परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत को सराहा है। परीक्षा समाप्त होने के 24 दिन बाद बोर्ड ने 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किए। कुल 53,159 विद्यार्थियों ने इस बार बोर्ड परीक्षा दी थी, जिसमें से 40119 विद्यार्थियों ने परीक्षा को पास किया है।
कुल 24,359 छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 18533 छात्राओं ने परीक्षा को पास किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 76.08 रहा है, जबकि 28800 लड़कों ने परीक्षा दी और 21586 ने परीक्षा को पास किया। लड़कों का कुल पास प्रतिशत 74.95 प्रतिशत रहा है। पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले में इस बार परीक्षा परिणाम बहुत ज्यादा रहा है।
2015 में 55.18, 2016 में 57.19 प्रतिशत 12वीं का परीक्षा परिणाम था, लेकिन इस बार 75.47 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार 18.28 प्रतिशत परीक्षा परिणाम ज्यादा रहा है।