रियासत के चुनावों में सीमा पार से आतंकी खतरे को देखते हुए चुनाव आयोग ने सीमांत इलाकों के पोलिंग स्टेशनों की जगह बदलने का फैसला लिया है। आयोग के अनुसार, चुनावों के दौरान पाकिस्तानी सीमा पार से सीजफायर का उल्लंघन किया जा सकता है कि आतंकी सीमा पर कोई बड़ी वारदात कर सकते है।
किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए अहतियात के तौर पर चुनाव आयोग ने यह कदम उठाया है। आयोग ने राज्य सरकार से इन 125 पोलिंग बूथों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने को कहा है। जम्मू के जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार साहु का कहना है कि, इन तमाम बूथों को सुरक्षित स्थानों पर बनाया जाएगा।
उनका कहना है कि इंटरनेशनल बॉर्डर पर 150 बूथ संवेदनशील हैं। बीते महीने पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलीबारी में करीब दस लोगों को जान गंवानी पड़ी थी और 90 से ज्यादा लोग जख्मी हुए थे जबकि 32 हजार से ज्यादा लोग बेघर हुए थे।
चुनाव ठीक ठंग से कराया जा सके इसके लिए चुनाव आयोग ने इमरजेंसी प्लान के तहत इन बूथों को शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि, इन बूथों के अलावा इंटरनेशनल बॉर्डर पर बने तमाम बूथों के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि चुनावों के लिए दस लाख नए वोटर्स को वोटर लिस्ट में शामिल किया गया है।