जम्मू। निजी गाड़ियों के कामर्शियल उपयोग पर ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने आएटीओ, एआरटीओ और ट्रैफिक पुलिस को कार्रवाई करने को कहा है। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर आफिस की ओर से जारी परिपत्र में निजी गाड़ियों के कामर्शियल उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की बात कही है। इसमें कहा गया कि कुछ निजी वाहन जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर अवैध रूप से गाड़ियों का कामर्शियल उपयोग कर रहे हैं।
ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने ऐसी सभी गाड़ियों के चालकाें और मालिकों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। ट्रांसपोर्ट विभाग के इस फैसले का टैक्सी एसोसिएशन के प्रधान अंचल सिंह ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि टैक्सी एसोसिएशन लंबेे समय से इसकी मांग कर रही थी, जो पूरी हो गई है।