उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार ने मंगलवार को व्हाइट नाइट कोर जम्मू का दौरा किया। उन्होंने यहां सैन्य परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। उत्तरी कमान प्रमुख ने सुरक्षाबलों को आतंकियों के खिलाफ सतर्कता के साथ अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
जीओसी-इन सी का यह दौरा अहम माना जा रहा है, क्योंकि पिछले पांच दिनों से लगातार आतंकी वारदात बढ़ रहीं हैं। किश्तवाड़ में इस दौरान दो घटनाओं में एक जेसीओ बलिदान हो गए, जबकि दो ग्राम रक्षा गार्डों की दहशतगर्दों ने हत्या कर दी। आतंकियों की तलाश में सेना विशेष ऑपरेशन चला रही है।
सेना ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि उत्तरी कमान प्रमुख ने सेना को आतंकवाद विरोधी अभियानों में व्यावसायिकता और सतर्कता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए कहा है। उन्होंने खतरों को खत्म करने के लिए सभी हितधारकों के बीच घनिष्ठ तालमेल पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सतर्क रहें।
बता दें कि रविवार को किश्तवाड़ के केशवान जंगल में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना की स्पेशल फोर्स के जेसीओ राकेश कुमार बलिदान हो गए थे। हमले में तीन जवान घायल हुए हैं, जिनका जीओसी-इन सी ने हालचाल पूछा है। वहीं, व्हाइट नाइट कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने भी किश्तवाड़ सेक्टर का दौरा किया।