राजोरी। डीसी मोहम्मद एजाज असद ने बिना किसी कार्य के स्कूल समय में शिक्षकों और मास्टरों का जेडईओ या सीईओ कार्यालयों का दौरा करने पर रोक लगा दी। उन्होंने ऐसे सभी शिक्षकों को तत्काल अपने स्कूलों में जाने के निर्देश दिए, जिनको कार्यालयों में अटैच कर रखा गया है।
दरअसल, डीसी को कुछ रिपोर्टें प्राप्त हुई थी कि कई शिक्षक व मास्टर बिना किसी कारण के जेडईओ कार्यालयों में अटैच किए गए हैं। इससे स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होती है। इस पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने मंगलवार को शिक्षा विभाग के कई कार्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें जेडईओ कार्यालय बलजरालन भी शामिल था। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कुछ शिक्षक स्कूल ड्यूटी से अनुपस्थित थे और जेडईओ कार्यालय में बिना किसी आधिकारिक संचार के उपस्थित थे। कुछ शिक्षक कार्यालय में अवैध रूप से अटैचमेंट का आनंद ले रहे थे। डीसी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जोनल शिक्षा अधिकारियों को आदेश दिए कि वे शिक्षा विभाग के निदेशक के आदेश को लागू करें और अटैच किए गए सभी शिक्षकों व मास्टरों को तत्काल डिटैच कर स्कूलों में भेजें। उन्होंने बुधवार तक उन शिक्षकों व मास्टरों की सूची मांगी, जो वापस अपनी ड्यूटी पर नहीं गए हैं। डीसी ने अधिकारियों को स्कूलों में शिक्षकों व मास्टरों की उपस्थिति पर कड़ी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया है।