जम्मू। आल जेएंडके आईटीआई ट्रेंड एंड सीपी वर्कर्स एसोसिएशन ने वीसी रोड स्थित पीएचई मुख्य अभियंता कार्यालय के बाहर वेतनमान जारी करने के लिए मंगलवार को प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष तनवीर हुसैन ने बताया कि लंबे समय से अस्थायी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। इस कारण कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि लंबे समय से मांग की जा रही है मगर कुछ नहीं हो रहा है। जल्द ही वेतन की अदायगी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। कर्मचारी पीएचई विभाग में दस से 15 सालों से काम कर रहे हैं। नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर ही सेवाएं दे रहे हैं। कुछ कर्मियों की सेवाएं दूरदराज इलाकों में ली जा रही है। वेतन न मिलने के कारण अब दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो गया है। वहीं, एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल वित्त सचिव से मिला और समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने जल्द ही मांगों को हल करने का आश्वासन दिया है।