जम्मू। गणतंत्र दिवस नजदीक आ रहा है। बीते दिनों जम्मू में ग्रेनेड हमला हुआ। लगातार शहर में आतंकियों की उपस्थिति के इनपुट हैं। इसके बावजूद शहर में कई ऐसे होटल एवं लाज हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं और न ही इनमें रुकने वालों के वेरिफिकेशन की कोई व्यवस्था है। इस कारण गणतंत्र दिवस की सुरक्षा में सेंध का खतरा बना रहता है।
इस समस्या को देखते हुए जम्मू पुलिस की ओर से होटल मालिकों से बात की जा रही है कि वे इस व्यवस्था को दुरुस्त करें। बेपरवाही से न सिर्फ उनकी जान को खतरा है, बल्कि आम लोगों को भी खतरा है। इसलिए होटलों में रुकने वालों का पूरा वेरिफिकेशन करने के बाद ही उनको रुकने दें। यदि किसी पर थोड़ा भी शक हो तो इसकी सूचना पुलिस तक पहुंचाएं।
तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगवाएं होटल मालिक
पुलिस ने सभी होटल मालिकों को आदेश जारी कर दिए हैं। हमारे पास ऐसी भी जानकारी है कि बहुत से होटल और लाज में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। होटल मालिकों को कहा गया है कि वे तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगवाएं।
- तेजिंदर सिंह, एसएसपी जम्मू