जम्मू। पुलिस कर्मियों के बढ़ाए गए हार्डशिप अलाउंस का अधिकारिक आदेश जारी किया गया है। वित्त विभाग ने बुधवार को आदेश जारी किया। एक जनवरी से कर्मियों को यह अलाउंस मिलेगा। 75 हजार पुलिसकर्मियों को इससे लाभ मिलना है। राज्यपाल सत्यपाल मलिक की अध्यक्षता में सोमवार को हुई राज्य प्रशासनिक परिषद (एसएसी) की बैठक में पुलिस कर्मियों के लिए हार्डशिप अलाउंस में बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई थी।
अब पुलिसकर्मियों को 3.63 फीसदी की जगह आठ फीसदी हार्डशिप अलाउंस मिलेगा। हाई रिस्क जॉब एरिया में यह 10 फीसदी होगा। इससे रियासत के 75 हजार पुलिसकर्मी लाभान्वित होंगे। विशेष पुलिस घटकों और बम डिस्पोजल स्क्वॉड के साथ तैनात किए गए पुलिस कर्मियों की ‘वर्गीकृत’ श्रेणी को मूल वेतन का 10 प्रतिशत हार्डशिप भत्ता मिलेगा। इसके हकदार पुलिस कर्मियों को वित्त विभाग द्वारा अलग से सूचित किया जाएगा। हार्डशिप भत्ते की नई दर का भुगतान 16 सितंबर 2010 के आदेश के अनुसार होगी।