राजोरी। शहर के सांवनी इलाके में रविवार की देर रात लगी भीषण आग से लाखों की वन संपदा जल कर राख हो गई। वन कर्मियों ने गांव वालों की मदद से सोमवार की सुबह आग को काबू पाने में सफलता पाई।
शक्ति मुकार, राकेश शर्मा आदि ने बताया कि रात को करीब दस बजे वे सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी पास के जंगल से धुआं उठते देखा। पहले आग ने सूखी घास को चपेट में लिया और देखते ही देखते चीड़ के पेड़ों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। इसके बाद तो आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। गांव वालों ने बताया कि उन्हें यह डर सता रहा था कि कहीं रात में आग उनके घरों तक न पहुंच जाए। इसके बाद उन्होंने वन विभाग को सूचित तो किया, लेकिन रात में आग पर काबू पाने का कोई प्रयास नहीं किया गया। सुबह वन विभाग के कुछ कर्मचारी मौके पर पहुंचे व स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान भारी मात्रा में वन संपदा आग की भेंट चढ़ गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ शरारती तत्व जान बूझ कर आग लगाने का काम करते हैं। ऐसे तत्वों की पहचान कर उन्हें पुलिस के हवाले करने के प्रयास किए जा रहे हैं।