जम्मू। पाक गोलाबारी को देखते हुए संभाग के पांच जिलों में डाक्टरों और पैरा मेडिकल कर्मचारियों की छुट्टियां रद की गई हैं। छुट्टियों पर गए सभी डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर हाजिर होने के निर्देश दिए गए हैं। जीएमसी में घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य निदेशक जम्मू की ओर से जम्मू, सांबा, कठुआ, राजोरी और पुंछ जिलों में सभी डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को अपनी ड्यूटी पर पहुंचने को कहा है। संभाग के पांचों जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर पाक गोलाबारी करके रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत ने शनिवार को जीएमसी का दौरा कर घायलों का हाल जाना। इसके अलावा नेकां के अतिरिक्त महासचिव डा. शेख मुस्तफा कमाल, शेख बशीर अहमद, प्रदीप बाली आदि ने जीएमसी का दौरा कर घायलों का हाल जाना।