उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील में स्थित लटयार नाले में शुक्रवार सुबह करीब ढाई घंटे तक बस फंसी रही, जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूसरी बस की सहायता से बस को निकाला गया। यात्रियों का कहना था कि यह सब पीएमजीएसवाई की लापरवाही के कारण हो रहा है, क्योंकि मंजूरी के बाद भी पीएमजीएसवाई ने नाले पर पुल का निर्माण नहीं किया है।
पंचैरी से लांदर के बीच लटयार नाला है और पुल की सुविधा न होने के कारण नाले के बीच से होकर ही हर रोज वाहन गुजरते हैं। शुक्रवार सुबह लांदर से उधमपुर की तरफ जा रही बस जब लटयार नाले में पहुंची तो अचानक नाले में फंस गई। चालक ने नाले से बस को निकालने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन बस नहीं निकल सकी। वहीं परेशान होकर यात्री भी बस से बाहर निकल आए और बस के नाले से बाहर निकलने का इंतजार करने लगे। लंबे इंतजार के बाद जब बस नहीं निकली तो पैदल ही अपने गंतव्य की तरफ निकल पड़े। इसी बीच दूसरी बस मौके पर पहुंची तो फंसी हुई बस के चालक ने दूसरे चालक को बस को निकालने में मदद करने की अपील की। बस के चालक ने रस्से के साथ बस को दूसरी बस के साथ बांधा और फिर को बस को निकाला। पवन सिंह, काका राम, धर्म चंद, विनोद कुमार ने कहा कि यह पीएमजीएसवाई की लापरवाही के कारण हो रहा है। लटयाल नाले पर पुल बनाने की मंजूरी करीब दो वर्ष पहले मिल चुकी है। इसको लेकर अभी तक पीएमजीएसवाई ने काम शुरू करना तो दूर अभी तक कोई सर्वे भी नहीं किया है। आए दिन वाहन नाले में फंसते रहते हैं। पिछले दिनों तो नाले के उफान पर आने के बाद बस फंस गई थी और बहुत मुश्किल से यात्रियों की जान बची थी।