जम्मू। सांबा सेक्टर में तैनात बीएसएफ की 80 बटालियन को प्रतिष्ठित जनरल चौधरी ट्राफी के सम्मान के लिए चुना गया है। बीएसएफ की हर बटालियन को इस अवार्ड को पाने की दिली तमन्ना होती है। बार्डर पर पाकिस्तान की हर कोशिश को नाकाम करने पर बटालियन को यह सम्मान दिया गया।
दिल्ली में बीएसएफ के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजीजू ने बटालियन के कमांडेंट हैपी वर्मा को यह ट्राफी दी। इस मौके पर बीएसएफ के डीजीपी रजनीकांत मिश्रा और जम्मू के आईजी राम अवतार भी मौजूद थे। शनिवार को एक कार्यक्रम में वर्मा ने यह ट्राफी ली। उल्लेखनीय है कि सांबा में बीएसएफ की उक्त बटालियन को अच्छी तरह से सरहद की निगरानी करने के लिए यह ट्राफी मिली। यह ट्राफी उसी बटालियन को दी जाती है, जिसने हर विभाग में अच्छा काम किया हो। चाहे वो दुश्मन की कोशिशों को नाकाम करना हो या फिर खेल कूद की गतिविधियों में हिस्सा लेना हो।