जम्मू। पंजाब में दसूहा और खूदा कुराला स्टेशनों के बीच गन्ने का बकाया मूल्य दिलाने की मांग कर रहे किसानों के आंदोलन के चलते रविवार को दूसरे दिन भी जम्मू से 13 ट्रेनें रद्द रहीं। सोमवार को भी कई ट्रेनें पटरियों पर नहीं उतरेंगी। कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। दरअसल, किसानों ने रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर रखा है।
लगातार दो दिन ट्रेनों के रद्द होने से जम्मू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का जमावड़ा है। रेलवे पूछताछ केंद्र, जरनल टिकट बुकिंग सेंटर और आरक्षण केंद्रों में यात्रियों का भीड़ लगी रही। ट्रेनें रद्द होने से आरक्षित टिकट से सफर करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। टिकट रद्द कराने के लिए आरक्षण केंद्र में लंबी कतारें लग रही हैं।
रेलवे की ओर मिली जानकारी के अनुसार रविवार को जम्मू तवी-अजमेर पूजा एक्सप्रेस, जम्मू-वाराणसी बेगमपुरा एक्स., अर्चना एक्सप्रेस, शालीमार एक्सप्रेस, हेमकुंड एक्सप्रेस सहित अन्य कई ट्रेनें रद्द रहीं। जैसे ही ट्रेन के रद्द होने की सूचना यात्रियों को मिलती तो वह जानकारी पुख्ता करने के लिए यात्री पूछताछ केेंद्र पर जा पहुंचते। जम्मू से जाने वाली जिन ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, उनमें श्री माता वैष्णो देवी-दिल्ली जंक्शन, जम्मू-नई दिल्ली, जम्मू-हरिद्वार, श्री माता वैष्णो-नई दिल्ली, जम्मू-हावड़ा ट्रेनों को पठानकोट से अमृतसर और जसरा की ओर डायवर्ट किया गया।
ये ट्रेनें भी रहीं रद्द
श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-ऋषिकेश (14610), श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली (12466), जम्मू- दिल्ली जंक्शन (14640), जम्मू-हरिद्वार (14606), जम्मू- हावड़ा (12332), श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-इंदौर (12920), जम्मू-बांद्रा टर्मिनल (19028)।
आज ये ट्रेनें यहां से चलेंगी
जम्मू तवी-वाराणसी (12238) लुधियाना जंक्शन से चलेगी। जम्म तवी-कोलकाता (13152) अंबाला रेलवे स्टेशन से चलेगी। जम्मू तवी-पुणे (11078) अंबाला रेलवे स्टेशन से चलेगी। उधमपुर-अहमदाबाद (19108) फिरोजपुर रेलवे स्टेशन से चलेगी।
आज ये ट्रेनें नहीं जाएंगी
पठानकोट-दिल्ली (22430), दिल्ली-पठानकोट (22429), पठानकोट-अमृतसर (14634), जम्मू तवी-उधमपुर (47907- 74906), पठानकोट-जालंधर सिटी (74902), पठानकोट-जालंधर सिटी (54622), जालंधर सिटी-जेजौं दोआबा (54626), पठानकोट-जालंधर सिटी (74672), जालंधर सिटी-पठानकोट (54611), पठानकोट-जालंधर सिटी (54613) जम्मू-दिल्ली (14646), नई दिल्ली-माता वैष्णों देवी (12445), ।
टिकट रद्द कराने के लिए लंबी कतारें
ट्रेेनें रद्द होने से आरक्षित टिकट रद्द कराने वालों की कतारें लंबी हो गई हैं। यात्रियाें का काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे आरक्षण केंद्र खचाखच भरा रह रहा है। यात्रियों को रेलवे बोर्ड से शिकायत भी है। वहीं रविवार को टिकट काउंटर देरी से खोले जाने के विरोध में यात्रियों ने प्रदर्शन भी किया।
स्टेशन मास्टर आफिस बंद रहा
जम्मू रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले काफी परेशान रहे। रविवार को छुट्टी होने के कारण स्टेशन मास्टर का आफिस बंद रहा। पूछताछ केंद्र पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो यात्री स्टेशन मास्टर के आफिस गए, लेकिन आफिस बंद होने से उन्हें निराशा ही हाथ लगी।