जम्मू। गणतंत्र दिवस से पहले अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से आतंकियों के घुसपैठ के इनपुट के बाद जम्मू शहर और आसपास के इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने प्रमुख बाजार, मंदिर, सरकारी कार्यालय, अस्पताल सहित प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की। शहर में घुसने के प्रमुख प्वाइंटों पर हर वाहन की जांच के साथ-साथ संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
वहीं सभी पुलिस स्टेशनों के अधीन लगाए जाने वाले नाकाें पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों को पुलिस के साथ तैनात किया गया है। आईजी जम्मू एसडी सिंह जंवाल का कहना है कि सीजफायर उल्लंघन का मुख्य उद्देश्य आतंकवादियों को भारतीय सरहद में घुसपैठ कराना ही है। सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट के बाद पुलिस ने सीमावर्ती गांवों की सुरक्षा बढ़ा दी है। गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से लगातार सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी कर आतंकियों को सरहद पार कराने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस विभाग नाकों पर अतिरिक्त तैनाती कर को चाक चौबंद किया गया है। इस दौरान सीमावर्ती इलाकों से आने वाले वाहनों पर विभाग अतिरिक्त निगाह बनाए हुए है। किसी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस जवानों को अलर्ट कर दिया है।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा कड़ी
शहर के रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस स्टैंड पर भी सुरक्षा को मजबूत कर दिया गया है। सुरक्षाकर्मियों के विशेष दस्तों को तैनात किया गया है। डाग स्कवायड से गहन जांच पड़ताल की जा रही है। दोनों स्थानों पर आने जाने वाले यात्रियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के रघुनाथ मंदिर, सैन्य ठिकानों आदि की सुरक्षा बढ़ाई गई है।