अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू।
सुजवां इलाके में रविवार सुबह गैस लीकेज से घर में लगी आग मेें परिवार के पांच सदस्य झुलस गए। सभी को इलाज के लिए जीएमसी लाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य थी। भटिंडी पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार नूर मोहम्मद (45) निवासी रामबन अपने भाइयों के साथ सुजवां इलाके में रहकर जीवन यापन करता है। रविवार सुबह उसके भाई की दो लड़कियां मजहबून (20) और निशा (20) किचन में खाना बना रही थीं। इस दौरान किचन में नूर मोहम्मद और उसके दो बच्चे रुहाब (3) और राकिजा (9) भी मौजूद थे। अचानक से किचन में रखी घरेलू गैस लीक करने लगी, और किचन में आग लग गई। इस दौरान घर में मौजूद पांचों सदस्य आग से झुलस गए। घर में मौजूद अन्य सदस्यों ने किचन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और किसी तरह आग पर काबू पाया। आसपास मौजूद लोगों और घर के सदस्यों ने सभी घायलों को इलाज के लिए जीएमसी लाया। जहां डाक्टरों ने उनका इलाज किया।
डाक्टर ने बताया कि पांच से दस प्रतिशत तक सभी घायल जलें हैं, ज्यादा घबराने वाली बात नहीं है। वहीं नूर मोहम्मद ने अल्लाह का शुक्रिया किया और कहा कि रोजा के पाक महीने में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उन्होंने कहा कि उनके बच्चों को जिंदगी बहुत अहम थी, इसके लिए उन्होंने अल्लाह का शुक्रिया किया। इस घटना की जानकारी पर भटिंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।