पासिंग आउट परेड के दौरान जनरल विपिन रावत
- फोटो : ADGPI-Indian Army
जम्मू-कश्मीर के 11 युवाओं को भारतीय सेना में कमीशन किया गया है। इंडियन मिलिट्री अकादमी से स्नातक कर सेना में कमीशन पाने वाले 479 युवाओं में 11 का जम्मू कश्मीर का होना आतंक के उन आकाओं के चेहरे पर बड़ा तमाचा है जिन्होंने सेना के जांबाज उमर फयाज की हत्या करके कश्मीरी युवाओं को देश की सेवा के लिए जाने से रोकने के मंसूबे पाले थे।
कश्मीर के शोपियां के निवासी उमर फयाज की हत्या कर आतंकियों ने जिन युवाओं को फौज में न जाने का आतंक दिखाने की कोशिश की थी उनमें से कईयों ने भारतीय सेना के रास्ते देश की हिफाजत करने का रास्ता चुन लिया है। ये अफसर अब सेना की विभिन्न रेजीमेंटों में तैनात होने जा रहे हैं।
देहरादून में इंडियन मिलिट्री अकादमी की पासिंग आउट परेड में सैकड़ों युवाओं ने देश की रक्षा की शपथ ली। इस समारोह में खुद सेनाध्यक्ष जनरल विपिन रावत भी शामिल हुए। माथे पर अशोक स्तंभ और दिल में देश सेवा के लिए खड़े युवाओं में एक बड़ी संख्या जम्मू-कश्मीर के उन युवाओं की भी थी जो उमर फयाज को अपना आदर्श मानते हैं।