बाड़ी ब्राह्मणा। पंजाब के पम्मा ने मुन्नीर को हरा कर दाता रणपत देव दंगल पर कब्जा किया। इसके लिए उन्हें 41 सौ रुपये के नकद इनाम से सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार नवरात्र में दाता तालाब स्थित दाता रणपत देव स्थान पर वार्षिक दंगल हुआ। इसका आयोजन दंगल कमेटी की ओर से किया गया। दंगल में रियासत सहित पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा के पहलवानों ने जौहर दिखाए।
बड़ी माली का मुकाबला पंजाब के दो पहलवानों पम्मा और मुन्नीर के मध्य हुआ, जिसे कड़े संघर्ष के बाद पम्मा ने अपने नाम किया। दूरी माली बराबरी पर छूटी। इस मौके पर दंगल कमेटी के सुखदेव सिंह, जनरल सेक्रेटरी द्वारिकानाथ, जगदेव, पूर्व कैप्टन रणजीत सिंह, पूर्व सरपंच गौतम सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।