राजोरी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के सरकारी कार्यालयों में लापरवाह सरकारी कर्मियों को नपने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाना शुरू कर दिए हैं। पिछले पांच दिनों में जिला प्रशासन द्वारा डीसी राजोरी डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी की अध्यक्षता में गठित की गई विशेष टीमों ने जब विभिन्न कार्यालयों में औचक छापेमारी की, तो पाया कि कई कर्मचारी बिना किसी अनुमति के ड्यृटी से नदारद पाए गए हैं।
डीसी राजोरी के अनुसार, 21 फरवरी को विभिन्न टीमों ने जिले के मंजाकोट, दरहाल व थन्नामंडी तहसीलों के कई सरकारी कार्यालयों में औचक छापेमारी की, तो पाया कि विभिन्न कार्यालयों में 34 सरकारी कर्मचारी व अधिकरी ड्यूटी से गैरहाजिर थे। 23 फरवरी को एक बार फिर से विशेष टीमों ने शहर के कई सरकारी कार्यालयों व स्कूलों में औचक छापेमारी की, तो पाया कि सात कर्मचारी गैरहाजिर हैं।
उधर, शनिवार को कोटरंका सब डिवीजन में एडीसी शफीक अहमद चौधरी की अध्यक्षता में विशेष टीम ने जब सरकारी कार्यालयों में औचक छापेामरी की तो पाया कि 12 सरकारी कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर हैं। एडीसी के अनुसार, तीन सरकारी कार्यालयों में ड्यूटी के समय ताले लटकते मिले व एक कार्यालय में मात्र एक ही कर्मचारी हाजिर मिला। डीसी ने इस प्रकार से ड्यूटी में कोताही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कहते हुए सभी गैरहाजिर कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिए।
किस-किस विभाग के कर्मचारियों का कटेगा वेतन
सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल देरी रल्योट की पुस्तकालय में एक शिक्षक, बीडीओ कार्यालय दरहाल के चार कर्मचारी, कन्याओं के सरकारी हायर सकेंडरी स्कूल दरहाल के दो शिक्षक, लड़कों के स्कूल के दो शिक्षक, जेडईओ कार्यालय दरहाल के दो कर्मचारी, सरकारी मिडिल स्कूल रैकी बां के हेड मास्टर व चार अन्य शिक्षक, सरकारी मिडिल स्कूल कराइयां के नौ शिक्षक, हाई स्कूल जियारत शरीफ के एक शिक्षक, मिडिल स्कूल नंबला के एक शिक्षक, पब्लिक हेल्थ सेंटर जियारत शरीफ के डॉक्टर और दो एफएमपीएचडब्ल्यू, डीएफसीओ कार्यालय पठानमोड़ा के एक कर्मचारी बिना किसी अनुमति के ड्यूटी से गैरहाजिर मिले।
थन्नामंडी स्थित जेडईपीओ कार्यालय के सभी कर्मचारी, सरकारी हाई स्कूल मुरादपूर के हेडमास्टर, प्राइमरी स्कूल तरयोट के हेडमास्टर, पीएचसी कल्लर के दो कर्मचारी, मेडिकल सब सेंटर चल्लास के चार कर्मचारी, बीडीओ कार्यालय खवास के 5 कर्मचारी, जेडईओ कार्यालय कोटरंका के 3 कर्मचारी, कृषि विभाग कंडी के एक, पीडीडी विभाग के एईई, सीडीपीओ कार्यालय कोटरंका के एक, पशुपालन विभाग कंडी के एक और पशुपालन खवास, शीप एंड वुल सब सेंटर खवास व पीएचई विभाग के एई कार्यालय के सभी कर्मचारी हैं, जिनका एक दिन का वेतन काटा जाएगा।
मंत्री ने भी की तारीफ
विभिन्न सरकारी कार्यालयों में सरकारी कर्मियों पर नकेल कसने की जिला प्रशासन की मुहिम की फूड सप्लाई मंत्री ने भी तारीफ की है। मंत्री जुल्फकार अली चौधरी ने ट्वीट कर जिला प्रशासन के इस कदम की तारीफ करते हुए आगे भी इस मुहिम को जारी रखने की बात कही है।