अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोमवार को श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों टेंट वाले और दुकानदार गांदरबल में एसडीएम कंगन के दफ्तर के बाहर एकत्रित हुए और प्रदर्शन करने लगे। उनकी मांग है कि उन्हें यात्रा के दौरान टेंट और दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार एसएएसबी द्वारा उन्हें बालटल बेस कैंप और यात्रा मार्ग पर टेंट लगाने और अस्थायी दुकानें खड़ी करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। एसडीएम कंगन पीरजदा जहूर ने बताया कि पिछले 2 वर्षों से एसएएसबी द्वारा अपनी इच्छा अनुसार टेंट और दुकानें लगाने पर प्रतिबंध लगाया है। इसके लिए प्राप्त आवेदन को लकी ड्रॉ के द्वारा चयनित किया गया है जिन्हें टेंट और दुकानें लगाने की अनुमति दी जाएगी। जगह की कमी को ध्यान में रखते हुए ऐसा संभव नहीं कि सभी को टेंट व दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए।