रामबन। नशा तस्करी के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत पुलिस ने 101 किलो भुक्की, 250 ग्राम चरस और पांच ग्राम चिट्टे के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी पीडी नित्या के दिशानिर्देश पर एसएचओ बटोत ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाशरी में एक नाका लगा रहा था। इस दौरान श्रीनगर से पंजाब जा रहे ट्रक (एचपी 12सी-9025) को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर 101 किलोग्राम भुक्की बरामद हुई। तस्करी के आरोप में पुलिस ने ट्रक चालक नूर मोहम्मद निवासी रामपुरा फुल, बठिंडा (पंजाब) और सह चालक नूर मोहम्मद निवासी टिकरी, चंबा (हिमाचल प्रदेश) को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं, ट्रक को भी जब्त कर लिया है। दोनों के खिलाफ बटोत पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में खड़ी तहसील के मंडकबास इलाके से पुलिस ने गुलाम कादिर निवासी कावना, खाड़ी (रामबन) को पांच ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। एक अन्य मामले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए नाके से मुश्ताक अहमद नामक को 250 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बनिहाल और रामबन पुलिस थाने में मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।