उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर इलाके में सुरक्षा बलों ने छह घंटे चली मुठभेड़ में लश्कर कमांडर मार गिराया। मारे गए आतंकी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद हुआ है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान छेड़ दिया है।
सेना को सूचना मिली कि सोपोर के सौफी हमाम चनखां इलाके में रहने वाले गुलाम मोहम्मद कावा के घर में आतंकी छिपे हुए हैं। इस पर 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस ने मंगलवार देर रात साझा अभियान शुरू किया।
इलाके की पूरी तरह से घेराबंदी की गई ताकि रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए आतंकी फरार न हो जाए। बुधवार सुबह लगभग छह बजे खुद को घिरा पाकर आतंकी ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई।