कार्यकाल बढ़ाने की मांग पर जेएंडके टेंपरेरी टीचर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में अस्थायी शिक्षकों ने भूख हड़ताल की थी।
शिक्षा और वित्त मंत्री से आश्वासन मिलने के बाद भूख हड़ताल को खत्म किया था, लेकिन सरकार ने अभी तक मांग को पूरा नहीं किया है। शुक्रवार को इसी को लेकर अस्थायी शिक्षकों ने बैठक करके फिर से सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है। जेएंडके टेंपरेरी टीचर्स एसोसिएशन जम्मू के प्रधान बलविंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में बैठक का आयोजन हुआ।
बलविंद्र सिंह पवार ने कहा कि अस्थायी कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर अस्थायी शिक्षकों ने 43 दिन तक भूख हड़ताल करके आंदोलन किया था। 24 अप्रैल को सरकार से आश्वासन मिलने के बाद भूख हड़ताल को खत्म किया था। सरकार को दस दिन के अंदर मांग को पूरा करने का समय दिया था, लेकिन सचिवालय श्रीनगर में लगने के बाद भी सरकार ने उनकी मांग को लेकर कोई कदम नहीं उठाए हैं।
इसको किसी कीमत पर भी सहन नहीं किया जाएगा। अस्थायी शिक्षकों को एक बार फिर से सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन छेड़ना पड़ेगा। बलविंद्र सिंह पवार ने बताया कि इसकी शुरुआत शनिवार को प्रेस क्लब से की जाएगी। सभी अस्थायी शिक्षक शनिवार को प्रेस क्लब के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करके सरकार को जगाने का प्रयास करेंगे।