शिक्षा निदेशक जम्मू की तरफ से जारी ट्रांसफर आर्डर रद्द करने की मांग के लिए शनिवार को शिक्षकों ने प्रेस क्लब के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने रोष रैली निकालकर सचिवालय तक जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने शिक्षकों को प्रेस क्लब के बाहर नहीं निकलने दिया। पुलिस और शिक्षकों के बीच खूब धक्का-मुक्की भी हुई।
जम्मू कश्मीर टीचर्स फोरम के राज्य प्रधान अब्दुल क्यूम वानी के नेतृत्व में सुबह करीब 11 बजे शिक्षक प्रेस क्लब के बाहर एकजुट हुए, जहां सभी ने मिलकर शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने बताया कि करीब दो महीने से राज्यपाल और शिक्षा निदेशक के आदेशों के कारण शिक्षक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
पहले अटैचमेंट के आर्डर रद्द करके शिक्षकों को ग्रामीण इलाकों में पहुंच कर काम करने को मजबूर किया गया, तो अब शिक्षा निदेशक ने जम्मू के शिक्षकों की ट्रांसफर ग्रामीण इलाकों में करके परेशानी को दुगना कर दिया है।
उन्होंने बताया कि 2014 में ट्रांसफर का कार्यकाल पूरा करने के बाद जम्मू के शिक्षकों को अटैच करके जम्मू के स्कूलों में पहुंचाया था, जबकि शिक्षा विभाग को सभी शिक्षकों को ट्रांसफर करके जम्मू लाना था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने जम्मू के 300 से अधिक शिक्षकों को जम्मू संभाग के दूरदराज ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफर करके परेशानी को बढ़ाने का काम कर दिया।
उनकी नई सरकार से अपील है कि उनकी परेशानी को गंभीरता से लेकर जरूरी प्रयास किए जाएं। दोपहर करीब एक बजे शिक्षकों ने रोष रैली निकालकर सचिवालय की तरफ जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस सभी को रोक दिया। शिक्षकों ने पुलिस को पीछे हटाकर आगे बढ़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिली। इस दौरान शिक्षकों और पुलिस के बीच काफी समय तक धक्का-मुक्की होती रही।