श्री अमरनाथ यात्रा में इस बार हर दिन के लिए अलग-अलग तरह का परमिट जारी होगा।
यात्रियों को तय रूट से निर्धारित तिथि को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था के लिए ऐसा किया जा रहा है।
बुधवार को राज्यपाल एनएन वोहरा ने भगवती नगर यात्री निवास का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया और अफसरों की बैठक में सभी तैयारियां समय से पूरी कर लेने के निर्देश दिए।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड के बतौर चेयरमैन बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने यात्रियों के रहने की बेहतर व्यवस्था और यात्रा के दौरान सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि डिवीजनल कमिश्नर, पर्यटन विभाग और संबंधित एजेंसियां सभी जरूरी व्यवस्था 20 जून तक पूरी कर लिए जाने को सुनिश्चित करें।
यात्रा बालटाल और चंदनबाड़ी रूट से 28 जून को शुरू होगी। श्राइन बोर्ड के सीईओ नवीन चौधरी ने बताया कि यात्रियों का रजिस्ट्रेशन 18 मार्च से शुरू हो चुका है।
रजिस्ट्रेशन जेएंडके बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक समेत 422 बैंकों के माध्यम से हो रहा है।