सर्दी के मौसम में जहां पानी की समस्या कम होनी चाहिए, लेकिन जिले में ऐसा नहीं है। जिले के गांवों में पानी की भारी किल्लत है। पिछले एक सप्ताह में विभिन्न गांवों के लोगों ने पानी के लिए पीएचई विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया है। विभाग के पास केवल दस प्रतिशत स्टैंड बाई सिस्टम है, जिसके कारण किसी स्थान पर समस्या उत्पन्न होती है तो विभाग केवल इंतजार ही करता है।
पिछले सात दिनों की बात करें तो गांव गोविंदसर, चक गदाधर, राजबाग, छन्नी आदि में पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन हो चुके हैं, लेकिन विभाग अभी भी समस्या का समाधान नहीं कर पाया है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। हीरागनगर सब डिवीजन के 119 स्टेशनों में से केवल ग्यारह पर ही स्टैंड बाई सिस्टम मौजूद है। कठुआ के 121 स्टेशनों में से दस के पास ही यह सिस्टम में मौजूद है।
अगर कहीं पानी की समस्या हो तो आसपास के क्षेत्रों में टैंकर से पानी भेजा जाता है। पीएचई विभाग के एईई गोपाल शर्मा ने कहा कि स्टैंड बाई सिस्टम हर क्षेत्र के लिए मुमकिन नहीं है। फिर भी टैंकर की मदद से पानी पहुंचाया जाता है। उच्च अधिकारियों को क्षमता बढ़ाने के लिए कहा है। जहां कहीं भी बिजली की समस्या है तो वहां पर बिजली विभाग के साथ काम करने के लिए विभाग तैयार है।