उद्योग मंत्री चंद्रप्रकाश गंगा ने शनिवार को बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्री एसोसिएशन के सदस्यों के साथ एसोसिएशन भवन में बैठक की। इसमें उन्होंने उद्योगपतियों की समस्याओं को सुना और शीघ्र हल करने का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के प्रधान अनिल सूरी ने मंत्री के समक्ष उद्योगपतियों की समस्याओं को क्रमवार रखा। मंत्री ने यकीन दिलाया कि समस्याओं को जल्द हल किया जाएगा। गंगा ने कहा कि बाड़ी ब्राह्मणा औद्योगिक क्षेत्र उनकी विधानसभा के अधीन आता है। वह यहां की समस्याओं को बखूबी जानते हैं।
यहां की मुख्य समस्या बिजली है, जो चौबीसों घंटे नहीं मिलती है। इसके वह पूरी कोशिश करेंगे कि कारखानों को भरपूर बिजली मिले। गंगा ने कहा कि बहुत जल्द औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों का निर्माण किया जाएगा ताकि क्षेत्र में आने वाले वाहनों को कोई परेशानी न हो। मंत्री बनने पर गंगा का इस मौके पर एसोसिएशन की ओर से स्वागत भी किया गया।