गांधी नगर के कन्या हाई स्कूल में दूसरे की जगह परीक्षा देते बाहरी राज्य के चार मुन्नाभाई को पुलिस ने दबोच लिया। इनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार को स्कूल में एलीमेंट्री टीचर ट्रेनिंग (ईटीटी) की परीक्षा चल रह थी।
चारों मुन्नाभाई हरियाणा राज्य के हैं। परीक्षा से इन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दबोच लिया। ईटीटी की परीक्षाओं में इस तरह के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं।
राज्य में ईटीटी कालेजों की बढ़ती संख्या के चलते बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से परीक्षार्थी यहां परीक्षा देने आते हैं।
जानकारी के अनुसार संजीव कुमार निवासी साहबबाद करकुंडा कुरुक्षेत्र अपने दोस्त बलजीत सिंह निवासी बिरकालवा की जगह परीक्षा दे रहा था।
नरेश कुमार निवासी मंडोली खुर्द भिवानी हरियाणा अपने दोस्त राकेश कुमार निवासी मंडोली खुर्द भिवानी की जगह परीक्षा दे रहा था। परीक्षक ने जब इनके फोटो और रोल नंबर चेक किए तो इनका चेहरा बदला हुआ लगा। दोनों ने परीक्षार्थी का फोटो हटाकर अपनी लगा रखी थी। जब शक हुआ तो पूछताछ करने पुलिस को सूचित किया गया। पूछताछ करने पर पाया गया कि वह दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे।
पुलिस ने एफआईआर नंबर 08, 2015, 419, प्रिवेंशन आफ अनफेयर मीन्स एग्जामिनेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गांधी नगर पुलिस स्टेशन के एसएचओ परमजीत सिंह ने बताया कि चारों को हिरासत में ले लिया है। परीक्षा देते हुए पहले पुलिस ने संजीव कुमार और नरेश कुमार को दबोचा। इनसे पूछताछ करने के बाद दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया।