मॉडल श्रेणी में होने के बावजूद कठुआ रेलवे स्टेशन अभावों का सामना कर रहा है। दर्जे के मुताबिक सुविधाओं में खासी कमी है तो समय के साथ स्टेशन की सुविधाओं को अपग्रेड करने के मामले में भी कुछ नहीं किया जा रहा। इसी मामले पर जन सेवा संस्थान ने रेल मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन भेजने से पूर्व संस्थान ने बैठक का आयोजन कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष शशि शर्मा ने कहा कि कठुआ रेलवे स्टेशन पर दर्जे की सुविधाएं देना तो दूर रेलवे ने बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने में भी गंभीरता नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि गोविंदसर गांव के लोगों की कृषि भूमि रेलवे ट्रैक के उस पार है। रोजाना ग्रामीणों को खेतों में ट्रैक के माध्यम से ही आवाजाही करनी पड़ती है।
इसी तरह से मवेशियों को भी रेलवे ट्रैक से ले जाना पड़ता है। ऐसे में हादसे की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि ओवरहेड ब्रिज बनाया जाना बेहद जरूरी है जिसे लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है। संस्थान सदस्यों ने कहा कि रेलवे ने डबल ट्रैक विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया लेकिन ओवरहेड ब्रिज की सुविधा को नजरअंदाज कर दिया गया है।
इसी तरह से उन्होंने सुपरफास्ट ट्रेनों में जनरल कंपार्टमेंट की संख्या बढ़ाने, अमृतसर से श्री माता वैष्णोदेवी आधार शिविर तक डीएमयू चलाने, जगन्नाथ पुरी से श्री माता वैष्णो देवी तक ट्रेन सेवा शुरू करने सहित महत्वपूर्ण तमाम ट्रेनों का कठुआ में स्टॉपेज शुरू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।