गांव आगरा चक्क में एक युवक पर दो लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। युवक असलम गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घरवालों ने उसे उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से वह जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। युवक के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। घरवालों ने आरएस पुरा पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार दो महीने पहले असलम ने क्षेत्र में मवेशियों के तस्करी की खबर पुलिस और कुछ संगठनों को दी थी। असलम पुलिस को पहले भी ऐसी खबर देता रहा है। तब से ही वह मवेशी तस्करों के निशाने पर था। असलम के घरवालों का कहना है कि उसे पहले ही मवेशी तस्कर मारने की धमकी देते रहे हैं।
पहले भी उस पर हमला किया जा चुका है। घरवालों ने आरोप लगाया कि पुलिस भी तस्करों के साथ मिली है। बुधवार को आगरा चक्क पुलिस चौकी के दो पुलिस कर्मियों के साथ फरमान अली और जुगनू निवासी गांव रठाना उनके घर पहुंचे। यहां आकर फरमान अली और जुगनू ने घर में घुसकर असलम के साथ मारपीट की और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
इसके बाद वह दोनों अपनी बाइक से फरार हो गए। घरवालों का कहना है कि पुलिस भी तस्करों के साथ मिली है। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में असलम पर हमला किया गया है। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। आरएस पुरा पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।