जम्मू। हाई प्रोफाइल तरीके के साथ पुलिस कंट्रोल रूम में एक महिला ने फोन कर पुलिस को चक्कर में डाल दिया। महिला ने पुलिस को सूचित किया कि उसे एक कमरे में बंद कर रखा गया है। इसके बाद गवर्नमेंट रेलवे पुलिस और त्रिकुटा नगर पुलिस में अफरातफरी मच गई। इसके साथ ही पुलिस ने हरकत में आते हुए छानबीन भी शुरू कर दी।
मामला वीरवार की रात से शुरू हुआ। दिन में जब महिला और उसके पति को जीआरपी थाने बुलाकर पूछताछ की गई तो दोनों की बातचीत से मामला घरेलू विवाद का सामने आया है। महिला का पति बीएसएफ में तैनात है। एसएसपी जीआरपी शिव कुमार शर्मा के मुताबिक मूलरूप से मुंबई (मौजूदा सांबा) की रहने वाले एक महिला ने वीरवार रात को पुलिस कंट्रोल रूम जम्मू को फोन पर सूचना दी किउसे कुछ लोगों ने एक कमरे में बंद करके रखा है। उसे पता नहीं है कि वह जगह कौन सी है। उसकी जान पर भी खतरा है। पीसीआर से उच्चाधिकारियों ने तुरंत मैसेज को फ्लैश किया और रेलवे पुलिस को सारी जानकारी दी। रेलवे पुलिस हरकत में आ गई। जिस नंबर से महिला ने फोन किया था, उस नंबर से लोकेशन पता लगाई गई तो वह रेल हेड कांप्लेक्स की ओर इशारा कर रही थी। रेलवे के उच्चाधिकारियों ने पुलिस की टीमों को रेल हेड कांप्लेक्स की ओर रवाना किया तथा वहां के सभी संदिग्ध इलाकों तथा होटलों में महिला को ढूंढने की बात कही। बमुश्किल से कॉल को ट्रेस करके बाहु प्लाजा स्थित एक होटल की लोकेशन ढूंढ ली गई। जब पुलिस की टीम ने होटल में छानबीन शुरू की तो महिला वहीं पर पाई गई। रात भर महिला वहीं पर रही। दिन होते ही महिला को रेलवे पुलिस ने जीआरपी थाने में बुलाया और पूछताछ शुरू कर दी। इसके साथ ही पुलिस ने महिला के पति को भी जीआरपी थाने बुला लिया। दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई तो दोनों की बातों से मामला घरेलू विवाद का सामने आया है। रेलवे के एसएसपी शिव कुमार के मुताबिक मामला घरेलू विवाद का होने के कारण किसी तरह की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। पुलिस ने इस मामले में उनके एक पहचान के व्यक्ति को भी पूछताछ के लिए बुलाया जो हरियाणा का निवासी है।