जम्मू। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन किया। युवा इकाई के प्रदेशाध्यक्ष गौरव कपूर की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि अनुच्छेद 370 पर बहस तेज हो चुकी है। कश्मीर आधारित कुछ नेता इस अनुच्छेद को लेकर बिना मतलब के बयान दे रहे हैं जो राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए ठीक नहीं है।
कपूर ने कहा कि राकांपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ठाकुर रणधीर सिंह ने साफ कर दिया है कि अनुच्छेद 370 में संशोधन होना चाहिए। ऐसे में युवा इकाई के कार्यकर्ता भी यही मानते हैं कि अनुच्छेद 370 से देश और रियासत के लोगों को फायदा कम और नुकसान ज्यादा हुआ है। अनुच्छेद से केवल कश्मीर घाटी के कुछ परिवारों को ही इसका लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस अनुच्छेद का जमकर दुरुपयोग हुआ है। रियासत की बेटियों को दूसरे राज्यों में शादी करने पर उनके बच्चों को रियासत की नागरिकता नहीं मिलती। जबकि रियासत के बेटे जो पाकिस्तान में शादी करते हैं, उनकी पत्नी और बच्चों को भी रियासत की नागरिकता मिल जाती है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 की वजह से 73वां और 74वां संशोधन रियासत में लागू नहीं हो पाया। जनसंख्या और क्षेत्रफल ज्यादा होने के बाद भी जम्मू संभाग के साथ विधानसभा और लोकसभा सीटों के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी भेदभाव जारी है। प्रदर्शन में आरसी मन्हास, मिथुन शर्मा, रोहन थापा, विकास आदि शामिल रहे।