जम्मू (ब्यूरो)। 28 जून से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रघुनाथ बाजार बिजनसमैन एसोसिएशन सक्रिय हो गया है। रघुनाथ बाजार में चल रहे सीवरेज के काम को प्रशासन जल्द पूरा करने में लगा है ताकि यात्रियों को यहां आने पर समस्या का सामना न करना पड़े। एसोसिएशन के प्रधान बलदेव खुल्लर ने बताया कि यात्रा के शुरू होने से पहले बाजार एसोसिएशन की वेबसाइट और ब्रोशर को लांच किया जाएगा। इसमें यात्रियों को बाजार की सभी दुकानों और जम्मू संभाग के पर्यटन स्थलों के की जानकारी होगी। उन्होंने बताया कि बाजार में एक हजार रुपये तक की खरीदारी करने पर ग्राहकों को तोहफा दिया जाएगा। खुल्लर ने कहा कि वैष्णो देवी, श्री अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड और पर्यटन विभाग से अपील है कि वह रघुनाथ बाजार में हेल्पलाइन काउंटर खोला जाए जो शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक सक्रिय रहे। इस पर बाजार में आने वाले यात्रियों को विभिन्न बाजारों और पर्यटन स्थलों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग को चाहिए कि वह संभाग में बेरोजगारी को दूर करने के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोले, जिसमें युवाओं को गाइड की ट्रेनिंग दी जाए। बाद में ये युवा यात्रियों को पेड गाइड की सुविधा उपलब्ध करवाए जा सकें। उधर, डेढ़ महीने की अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों को आकर्षित करने के लिए रघुनाथ बाजार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जाना चाहिए।