विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन सबसे ज्यादा प्रत्याशी हीरानगर से सामने आए। हीरानगर विधानसभा क्षेत्र से सात प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया जबकि कठुआ से चार, बनी से तीन, बसोहली से दो और बिलावर से तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
बिलावर विधानसभा क्षेत्र से राज्य मंत्री डा. मनोहर लाल शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। बिलावर से नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मोहिंदर सिंह और निर्दलीय मुल्खराज शामिल थे।
कठुआ विधानसभा क्षेत्र से किशोर कुमार बक्शी ने नेशनल कांफ्रेंस, हरीश चंद्र शर्मा, राजेश कुमार और दिवान चंद ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
बनी से रजनीश शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा। इसी तरह से दीप कुमार और मदन लाल ने निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन पत्र जमा करवाया।
बसोहली विधानसभा क्षेत्र से जगदीश चंद्र और मदन लाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं हीरानगर विधानसभा क्षेत्र से जगदीश राज ने नेशनल पैंथर्स पार्टी, कुलदीप राज ने भारतीय जनता पार्टी, सिम्मी देवी ने भाजपा के वैकल्पिक प्रत्याशी तथा प्रेमनाथ हंसा, धीर चंद, बलबीर सिंह और रवैल सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन दाखिल किया।