पुराने शहर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद फिर हिंसक प्रदर्शन हुए। सड़क पर उतरे युवाओं ने आजादी के हक में नारेबाजी की और सुरक्षाबलों पर पथराव किया। इस दौरान पुलिस से भिड़ंत के बाद उग्र युवाओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। आंसू गैस के गोले भी दागे गए।
श्रीनगर के नौहट्टा इलाके में जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज खत्म होने के बाद युवा सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे। वह आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे तो वहां पर तैनात सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें रोका।
इस पर उन्होंने पत्थरबाजी शुरू कर दी। उन्हें तितर बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करने के साथ आंसू गैस के गोले दागे। कुछ देर तक इलाके में तनाव रहने के बाद हालात सामान्य हो गए।
जेकेएलएफ रैली को बनाया विफल
श्रीनगर के कुक्कड़ बाजार में जेकेएलएफ समर्थकों द्वारा रैली निकालने की कोशिश की गई, जिसे पुलिस ने विफल बना दिया। पुलिस ने इस दौरान प्रदर्शन कर रहे दर्जन भर से अधिक जेकेएलएफ समर्थकों को हिरासत में लिया।
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा पेलेट गन और पेपर गैस प्रयोग में लाए जाने के खिलाफ जेकेएलएफ ने मार्च आयोजित किया था। इसके अलावा उन्होंने जेएनयू मामले में गिरफ्तार प्रोफेसर गिलानी की भी रिहाई की मांग की।