अमरनाथ यात्रा के लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने आयु सीमा निर्धारित कर दी है। 28 जून, 2013 को शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा में 13 वर्ष की आयु से कम और 75 वर्ष की आयु सीमा से अधिक किसी भी व्यक्ति को यात्रा करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। छह सप्ताह के गर्भ वाली महिलाओं को भी पवित्र गुफा की यात्रा करने की इजाजत नहीं होगी।
बोर्ड ने यह फैसला राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अथारिटी और नीतीश सेन कमेटी की सिफारिशों के आधार पर लिया है। श्राइन बोर्ड के सीईओ नवीन चौधरी ने स्पष्ट किया कि इस फैसले में कोई बदलाव नहीं होगा। नवीन चौधरी के मुताबिक, आपदा प्रबंधन अथारिटी द्वारा अमरनाथ यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों और आधार शिविरों नुनवन और बालटाल में की गई टेबल टाप एक्सरसाइज के मद्देनजर यह फैसला लिया है।
अथारिटी ने 11 साल की आयु सीमा से कम बच्चों और अस्सी साल की आयु सीमा पार कर चुके लोगों को यात्रा पर नहीं जाने देने की सिफारिश की थी। 1996 में अमरनाथ यात्रा के दौरान हुई त्रास्दी की जांच के लिए गठित नीतीश सेन कमेटी ने भी यात्रा के लिए न्यूनतम 15 और अधिकतम 65 साल की उम्र निर्धारित की थी। 1996 में अमरनाथ यात्रा के दौरान 243 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी।
श्राइन बोर्ड के सीईओ नवीन चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अथारिटी और नीतीश सेन कमेटी की सिफारिशों पर बोर्ड की 24वीं बैठक में गंभीरता से विचार किया गया। बैठक में आम राय के साथ अमरनाथ यात्रा के लिए न्यूनतम 13 और अधिकतम 75 साल की आयु सीमा निर्धारित करने का फैसला हुआ।