जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के कायल हैं। अपना 200वां टेस्ट मैच खेलने के बाद क्रिकेट से संन्यास ले रहे सचिन तेंदुलकर को उमर ने जम्मू कश्मीर आने और माता वैष्णो देवी के दर्शन करने का भी न्योता दिया।
मंगलवार को उमर नेशनल कांफ्रेंस मुख्यालय में सचिन के क्रिकेट से संन्यास लेने संबंधी सवालों का जवाब देते हुए भावुक हो गए।
मुख्यमंत्री ने सचिन के सम्मान में समारोह आयोजित करने के सवाल पर स्पष्ट किया कि उनका हर समय जम्मू कश्मीर में स्वागत है। वह चाहते हैं कि सचिन तेंदुलकर आएं और माता वैष्णो देवी के दर्शन की व्यवस्था राज्य सरकार करेगी।
उनको बाकायदा राज्य का अतिथि बनाया जाएगा। उमर अब्दुल्ला का कहना था कि सचिन तेंदुलकर जैसा क्रिकेटर शायद ही दोबारा देश और दुनिया में पैदा हो। खासकर टीम इंडिया में सचिन तेंदुलकर की भरपाई उन्हें असंभव नजर आती है।
सचिन तेंदुलकर से पहली मुलाकात का हवाला देते हुए उमर ने बताया कि पहली दफा इस महान क्रिकेटर को उन्होंने करीब से मुंबई के एक अस्पताल में देखा। उस समय सचिन के वह पीछे चल रहे थे, सचिन उन्हें नहीं जानते थे।
अस्पताल में उस समय सचिन की बेटी और मेरे बेटे का जन्म एक ही दिन हुआ था। बकौल उमर अब्दुल्ला सचिन की जितनी कदर की जाए कम है। साउथ अफ्रीका में एक दफा सचिन तेंदुलकर के करीबी ने उन्हें दोपहर के भोजन पर बुलाया था।
सचिन भी उस दावत में शामिल रहे। उस समय सचिन से क्रिकेट पर खुलकर चर्चा की थी।