- सुभाष स्टेडियम, उधमपुर सहित रामनगर और पटनीटाॅप रहेंगे मुख्य स्थल
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर सुभाष स्टेडियम में शुक्रवार को भव्य योग प्रदर्शन और जागरूकता सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शनिवार को सुभाष स्टेडियम सहित रामनगर और पटनीटाॅप में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम डिप्टी कमिश्नर सलोनी राय की अध्यक्षता और खेल विभाग की महानिदेशक अनुराधा गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें कई प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए, जिनमें कमांडिंग ऑफिसर, आईटीबीपी राकेश कुमार, द्वितीय कमान, आईटीबीपी बलविंदर सिंह, संयुक्त निदेशक, वन विभाग इंदिरा ठाकुर, डीवाईएसपी (डीएआर) सुरिंदर सिंह बलोरिया विशेष रूप से शामिल हुए।
अतिथियों ने इस पहल की सराहना की और समग्र शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के महत्व पर जोर दिया। योग सत्र का नेतृत्व अनुभवी प्रशिक्षकों में सोम देव खजूरिया, पिंकी अत्री, सौम्या गुप्ता और ज्योति राजपूत ने किया। कार्यक्रम में छात्रों, युवाओं, सरकारी कर्मचारियों और नागरिक समाज के सदस्यों सहित कुल 567 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
खेल जिला अधिकारी रोमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि यह उत्सव 15 से 20 जून तक पूरे जिले में आयोजित होने वाले एक बड़े प्री-इवेंट अभियान का हिस्सा है, जिसका समापन 21 जून को तीन प्रमुख स्थानों जिनमें सुभाष स्टेडियम उधमपुर, रामनगर और पटनीटॉप मेन मीडो में मुख्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के साथ होगा।