संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। भारतीय योग संस्थान की ओर से ब्रह्मऋृषि बावरा शांति विद्या पीठ स्कूल के प्रांगन में हड्डी रोग निवारण योग शिविर दूसरे दिन भी जारी रहा। डॉ. राकेश साधु ने शिविर में पहुंचे लोगों को हड्डी रोग से निजात पाने के लिए योग करने को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि योग, खानपान, कसरत व जीवन शैली में बदलाव लाकर हम हड्डी रोग से अपने आपको बचा सकते हैं। योग करने से व्यक्ति तनाव मुक्त रहता है। हड्डी रोग से बचने के लिए वजन कम होना चाहिए जो हम योग के माध्यम से कर सकते है। इसके अलावा हमें रोजाना 15 से 20 मिनट तक धूप लेनी चाहिए ताकि शरीर को विटामिन डी मिल सके। इससे हड्डियां मजबूत होती हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग हड्डी रोग से ग्रस्त हैं अगर वह योग को दिनचर्या बना लें तो उन्हें फिजियोथेरेपी करवाने की भी जरूरत नहीं है। अंत में पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए इंडियन सोशलिस्ट यूथ फ्रंट संस्था की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. राकेश साधु को पौधा देकर सम्मानित किया गया।
योग संस्थान के रविंद्र सिंह ठाकुर व संजीव शर्मा ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। इस दौरान संस्थान के जिला प्रधान एसके गंडोत्रा, मास्टर छज्जू राम, हंस राज शास्त्री, उपप्रधान अशोक कुमार अबरोल, जिला मंत्री उपकार सिंह जम्वाल आदि मौजूद रहे।