उधमपुर। विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य पर शहर में योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें लोगों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
लोगों को योग आसनों का अभ्यास करवाने के साथ ही इससे होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभ की जानकारी भी दी जा रही है। इस कड़ी में रविवार को शहर के सैलां तालाब स्थित ब्रह्मऋषि बावरा विद्या पीठ स्कूल के परिसर में भी मार्निंग योगा टीम की तरफ से 11 से 15 जून तक विशेष योग शिविर की शुरुआत की जा रही है। इसमें खास तौर पर हड्डी रोग निवारण को लेकर किए जाने वाले योग आसनों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। शिविर में प्रतिदिन सुबह 6 से 7:30 बजे तक योग कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन
योग प्रशिक्षण संस्थान प्रमुख रविंद्र ठाकुर ने बताया कि मार्निंग योग टीम की तरफ से शहर में विभिन्न जगहों पर योग शिविर लगाए जा रहें हैं। इनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग अभ्यास कराना है जिससे लोग शारीरिक और मानसिक तौर पर फिट रहें।
उन्होंने कहा कि योग आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव और शारीरिक व्याधियों से दूर रहने का सबसे उत्तम उपाय है। इसलिए सभी को फिट रहने के लिए नियमित रूप से योग अभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय योग शिविर में हड्डी रोग निवारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा इसलिए सभी लोगों से अपील है कि इसमें बढ़चढ़ कर इसमें भाग लें। वहीं, रविंदर ठाकुर की ओर से रविवार को भी लोगों को योगाभ्यास करवाया गया।